*शीतलहर के बीच जिलाधिकारी का सिसवा दौरा, रैन बसेरों व अलाव व्यवस्था का लिया जायजा।*

न्यूज रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी

सिसवा बाजार महाराजगंज 

 

“ठंड से बचाव, प्रशासन का संकल्प”

महराजगंज। शीतलहर और कड़ाके की ठंड के मद्देनज़र जिलाधिकारी ने सिसवा क्षेत्र का दौरा कर ठंड से बचाव हेतु किए गए उपायों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर में संचालित रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां ठहरे लोगों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली।

 

रैन बसेरे में ठहरे बिहार से आए युवा फुटबॉल खिलाड़ियों से जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बातचीत की। खिलाड़ियों ने रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रैन बसेरों में आने वाले प्रत्येक आगंतुक की पहचान सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति पहचान के अभाव में खुले में सोने को मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र और रेलवे स्टेशन परिसर में की गई अलाव व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। ठंड से बचाव के लिए उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान ठंड से लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किए जाएं।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शीतलहर के इस दौर में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन की इफ़ाजत के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *