*डिगही में किशोर पर चाकू से हमले की कोशिश, चार पर केस दर्ज — गांव में दहशत का माहौल।*

ब्यूरो रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी महाराजगंज 

महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के डिगही गांव में एक किशोर के साथ मारपीट कर चाकू से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार ग्राम डिगही निवासी आशा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा आदित्य सहानी 5 मार्च की सुबह करीब 9 बजे किराना का सामान लेने डिगही चौराहे पर गया था। सामान लेकर जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के रिजयान, समीर और अशर्फी का नाती प्रिंस चौरसिया ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।

 

आरोप है कि जब आदित्य ने गाली देने का विरोध किया तो तीनों युवकों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान समीर ने जेब से चाकू निकालकर आदित्य पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर आदित्य को बचाया।

 

पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद समीर, रिजयान और प्रिंस ने उन्हें भी गालियां दीं और शिकायत करने पर आदित्य की हत्या करने की धमकी दी। आशा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि गांव का विपुल चौरसिया, जिसे इन युवकों के गिरोह का सरगना बताया जाता है, बाद में उनके घर पहुंचा और आदित्य को जान से मारने की धमकी देकर चला गया।

 

पीड़ित पक्ष का कहना है कि उक्त युवक गांव में अक्सर मारपीट, छेड़छाड़, छीना-झपटी और गाली-गलौज जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

 

इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि आशा देवी की तहरीर के आधार पर रिजयान, समीर, प्रिंस चौरसिया और विपुल चौरसिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *