न्यूज रिपोर्ट/मोहम्मद खलील
कोठीभार सिसवा बाजार
महराजगंज थाना कोठीभार क्षेत्र में आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत कस्बा मार्केट एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमणशील होकर महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों, बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालक-बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान बच्चों को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘सखी-वन स्टॉप सेंटर’, ‘पॉक्सो एक्ट’ तथा ‘मिशन शक्ति’ से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया गया, ताकि वे किसी भी प्रकार की गलत घटना की पहचान कर सकें और समय रहते मदद ले सकें।
कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए लोगों से इन्हें जड़ से समाप्त करने की अपील की गई। मौके पर जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1098, 1090, 1076, 181, 112 एवं 1930 के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन का यह प्रयास महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।