रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय उपसंपादक
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवां क्षेत्र में आधार और आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बैरवा बनकटवा टोला, मणि चौराहा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर छापेमारी कर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की आईडी और पासवर्ड के जरिए अवैध रूप से आधार व आयुष्मान कार्ड तैयार कर रहे थे। मौके से लैपटॉप, बायोमेट्रिक उपकरण, मोबाइल फोन और नकदी सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा (आईपीएस) के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ (पीपीएस) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम (पीपीएस) के पर्यवेक्षण में 12 फरवरी को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोपहर करीब 2:40 बजे ग्राहक सेवा केंद्र पर छापा मारा। वहां दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
यूट्यूब से सीखा फर्जीवाड़े का तरीका
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सूर्यनरायण (32) निवासी दुर्गापुर थाना नौतनवां और धीरज चौरसिया (25) निवासी एकमा, थाना पुरंदरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि करीब दस दिन पहले उन्होंने यूट्यूब पर “आधार कार्ड कैसे बनाएं” संबंधी वीडियो देखा था। वीडियो में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर मन्टू कुमार नामक व्यक्ति ने खुद को आधार प्राधिकरण का अधिकारी बताया।
उसने व्हाट्सएप के माध्यम से आरोपियों को एनिडेस्क ऐप और आधार एनरोलमेंट एप इंस्टॉल कराया तथा ‘फिंगर क्लोन’ उपलब्ध कराया। इसके बाद आरोपी एक अन्य व्यक्ति की आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर रिमोट एक्सेस के जरिए अनधिकृत लॉगिन करते और लोगों के आधार व आयुष्मान कार्ड तैयार कर देते थे।
प्रति कार्ड 500 से 1000 रुपये की वसूली
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रत्येक कार्ड बनाने के एवज में 500 से 1000 रुपये तक वसूलते थे। वसूली गई रकम का आधा हिस्सा यूपीआई के माध्यम से मन्टू कुमार को भेजा जाता था। प्रारंभिक जांच में करीब 20 लोगों के आधार कार्ड फर्जी तरीके से बनाए जाने की पुष्टि हुई है।
बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक एसर लैपटॉप, आइरिस स्कैनर डिवाइस, बायोमेट्रिक मशीन, वेबकैम, माउस, यूएसबी केबल, तीन मोबाइल फोन, सात एनरोलमेंट स्लिप, दो ओटीजी एडाप्टर, एक आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, लैपटॉप बैग और 3450 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
थाना नौतनवां में मुकदमा संख्या 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 61(2) एवं आधार अधिनियम 2016 की धारा 35 में केस दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया है। फरार बताए जा रहे मन्टू कुमार की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने कहा कि आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेजों से छेड़छाड़ राष्ट्रीय सुरक्षा और आम नागरिकों के हितों से जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
उ0नि0 चन्दन खरवार, थाना नौतनवां ,उ0नि0 अभिनव कुमार पटेल, थाना नौतनवां ,का0 अरविन्द कन्नौजिया, थाना नौतनवां का0 राकेश भारती, थाना नौतनवां।