ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज: जनपद के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनापुर बाजार में मंगलवार शाम एक बाइक चोरी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। भीड़भाड़ वाले बाजार के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोकवा निवासी शैलेश चौरसिया अपनी मोटरसाइकिल से सब्जी खरीदने मोहनापुर बाजार आए थे। उन्होंने अपनी बाइक शिव मंदिर के सामने, कब्रिस्तान की दीवार के पास खड़ी कर दी और बाजार में चले गए। लेकिन जब कुछ देर बाद लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी।
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुरन्दरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों में वाहन की तलाश के साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बढ़ती चोरी की घटनाओं से दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहनापुर बाजार में बढ़ती भीड़ और लापरवाही के चलते चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और आम लोगों में भय का माहौल बनता जा रहा है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, लॉक का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस घटना ने एक बार फिर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत को उजागर कर दिया है।