*झाड़ियों में मिली अज्ञात विवाहित महिला की लाश, इलाके में सनसनी – पुलिस जांच में जुटी।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी निचलौल 

मुख्य सम्पादक 

निचलौल/महराजगंज 31 मार्च 2026 महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के चरभरिया गांव के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों में एक अज्ञात विवाहित महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई। राहगीरों द्वारा दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को करीब 12 बजे राहगीरों ने चरभरिया क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना निचलौल की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।

 

मौके पर पुलिस ने पाया कि लगभग 25 वर्षीय महिला सूट-सलवार पहने हुए थी और प्रथम दृष्टया विवाहित प्रतीत हो रही है। शव झाड़ियों में पड़ा होने के कारण आसपास के क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और दहशत का माहौल है, हालांकि मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

पुलिस का बयान:

थानाध्यक्ष निचलौल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *