ब्यूरो रिपोर्ट/अनुभव पटेल/मिर्ज़ापुर
मीरजापुर 11 अप्रैल 2026 थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के सद्भावना नगर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजीव उर्फ रिंकू सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष) निवासी देवरी विरोही, थाना विंध्याचल (प्रधान पति) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों के बीच गांव के किसी विवाद को लेकर पुरानी रंजिश थी, जो इस वारदात का कारण बनी। यह भी जानकारी मिली है कि नामजद आरोपी पूर्व में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ चुका है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।