*सफेदपोशों की नाक के नीचे ‘काले’ धुएं का कारोबार: बलुअही धुस चौराहे पर खुफिया कैमरे में कैद हुआ गांजा का काला खेल।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ विश्वतेज त्रिपाठी महाराजगंज 

 

हाइलाइट:

*आबकारी विभाग की रहस्यमयी चुप्पी पर उठे सवाल; कैमरे में कैद हुई अवैध बिक्री की लाइव तस्वीरें*

महराजगंज: जनपद में अवैध नशे का कारोबार अब किसी अंधेरी गली का मोहताज नहीं रहा, बल्कि मुख्य चौराहों पर खुलेआम फल-फूल रहा है। सदर क्षेत्र का बलुअही धुस चौराहा इन दिनों अवैध गांजा बिक्री का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहाँ सुबह की पहली किरण से लेकर देर शाम तक नशे की पुड़िया बेखौफ बेची जा रही हैं। अब तक टीवी चैनल की टीम ने जब इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए ज़मीनी पड़ताल की, तो विभाग के दावों की पोल खुल गई।

 

खोजी पत्रकारिता: खुफिया कैमरे ने खोली पोल

 

अब तक टीवी चैनल के संवाददाता राकेश त्रिपाठी ने जान जोखिम में डालकर इस पूरे काले कारोबार का स्टिंग ऑपरेशन किया। खुफिया कैमरे की मदद से बलुअही धुस चौराहे पर हो रही गांजे की बिक्री की लाइव तस्वीरें कैद की गईं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार बिना किसी डर के नशे का सौदागर युवाओं को मौत का सामान परोस रहा है। यह फुटेज इस बात का पुख्ता सबूत है कि जिला आबकारी विभाग के दावे धरातल पर पूरी तरह खोखले हैं।

 

आबकारी निरीक्षक की चुप्पी पर खड़े हुए सवाल:

 

आरोप है कि आबकारी विभाग अक्सर कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति करता है और अपनी सफाई में पल्ला झाड़ लेता है। विशेष रूप से आबकारी निरीक्षक सदर, गिरीश कुमार की इस पूरे मामले पर चुप्पी अब संदेह के घेरे में है। स्थानीय लोगों का दबी जुबान में कहना है कि बिना विभागीय सांठगांठ के इतने बड़े पैमाने पर कालाबाजारी संभव नहीं है।

“कैमरा कभी झूठ नहीं बोलता। विभाग चाहे कितनी भी सफाई दे, लेकिन स्टिंग ऑपरेशन में कैद तस्वीरें हकीकत बयां कर रही हैं कि प्रशासन की नाक के नीचे युवाओं की जिंदगी के साथ खिलवाड़ हो रहा है।”

बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी:

चौराहों पर आसानी से उपलब्ध इस जहर ने जिले के भविष्य यानी युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। अभिभावकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि पुलिस और आबकारी विभाग आखिर इन नशा माफियाओं पर नकेल क्यों नहीं कस पा रहे हैं।

चिउटहा चौकी इंचार्ज सारिका सिंह का सख्त संदेश: नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं

 

चिउटहा चौकी इंचार्ज सारिका सिंह ने क्षेत्र में गांजा और अवैध शराब की बिक्री करने वालों को कड़ा चेतावनी भरा संदेश देते हुए कहा है कि अब नशे के कारोबारियों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो भी व्यक्ति क्षेत्र में गांजा, अवैध शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की बिक्री में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

चौकी इंचार्ज सारिका सिंह ने दो टूक अंदाज में कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब क्षेत्र में कोई जगह नहीं बची है। पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द ही ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

 

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की शांति और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी और नशे के इस अवैध धंधे को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *