*महराजगंज में एनीमिया मुक्त करने हेतु 30 सितम्बर को चलेगा अभियान

 

 

 *एक साथ लगभग 03 लाख किशोरियों और महिलाओं को खिलाई जाएंगी आयरन, फोलिक एसिड और कैल्सियम की गोलियां।*

 *पंचायत कार्यालयों, स्कूलों, कार्यालयों, सीएचसी, पीएचसी सहित समस्त स्वास्थ्य केंद्रों पर चलेगा अभियान।*

 

 *जिलाधिकारी की पहल पर मिशन शक्ति 5.0 और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत चलेगा अभियान।*

 

महराजगंज, 30 सितम्बर 2025

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की पहल पर महराजगंज जनपद को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए 30 सितम्बर से *एनीमिया मुक्त महराजगंज* अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में खून की कमी की समस्या को जड़ से समाप्त करना है।

 

जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि 30 सितम्बर को जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और पंचायत भवनों पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत एनीमिया की जांच की जाएगी। गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को आयरन, फोलिक एसिड और कैल्सियम की गोलियां खिलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान महिलाओं व किशोरियों को उचित पोषण आहार और स्वच्छता आदतों के विषय में भी जागरूक किया जाएगा। स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर छात्राओं की जांच कर उन्हें भी आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।

जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों – स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज और सूचना विभाग को आपसी समन्वय से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। गांव-गांव में रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से एनीमिया के कारण, लक्षण और रोकथाम की जानकारी दी जाएगी।

 

जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत जिला प्रशासन द्वारा उक्त अभियान को महिला सशक्तिकरण के प्रमुख लक्ष्य के रूप में लिया गया है। एनीमिया मुक्त नारी शक्ति और एनीमिया मुक्त महराजगंज के इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को सामूहिक प्रयास, समयबद्ध कार्रवाई और जनभागीदारी से निश्चित रूप से प्राप्त किया जाएगा।

अभियान के तहत लगभग जनपद की 03 लाख किशोरियों और महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड सहित कैल्शियम और विटामिन सी के टैबलेट खिलाए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग और पंचायतीराज विभाग को समस्त तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी महिलाओं और किशोरियों को 30 दिन के लिए उक्त दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *