ब्यूरो रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 18 मार्च 2026 प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने की, जबकि शुभारंभ विधायक पनियरा ज्ञानेन्द्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और विकास से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी साझा की।
जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए जनपद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है और सरकार की योजनाएं बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के तहत छात्रावास और विवाह उत्सव भवन निर्माण की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए बताया कि
किसान सम्मान निधि के तहत 3.71 लाख से अधिक किसानों को 1745 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई
किसान ऋण मोचन योजना से 80 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिला
गन्ना किसानों को 1600 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान हुआ
समर्थन मूल्य पर लाखों किसानों से धान और गेहूं की खरीद की गई
उन्होंने बताया कि औद्योगिक निवेश के जरिए 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले। वहीं आवास योजनाओं के तहत हजारों परिवारों को घर उपलब्ध कराए गए और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण हुआ।
इसके अलावा स्वनिधि योजना, उज्ज्वला योजना, मनरेगा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया गया। जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है।
कार्यक्रम में लखनऊ से आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जहां प्रदेश की विकास पुस्तिका का विमोचन हुआ। अंत में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी और आम नागरिक मौजूद रहे।