निचलौल में विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर मजदूरों से बड़ी रकम हड़पने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ितों की शिकायत पर न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनौली थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र दान बहादुर तथा एक अन्य व्यक्ति रामसेवक पुत्र दुधई ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि निचलौल थाना क्षेत्र के रूदौली गांव निवासी जयहिंद भारती पुत्र पूर्णवासी ने उन्हें सोलर पंप के कार्य के बहाने चार माह के भीतर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया।

 

पीड़ितों का कहना है कि 21 जनवरी 2023 को तहसील नौतनवां में स्टांप पेपर पर एक लिखित करार किया गया, जिसके तहत आरोपी को 1 लाख 20 हजार रुपये नकद दिए गए। इसके बाद 3 जनवरी 2024 को रूदौली गांव में वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान 89 हजार रुपये और सौंपे गए। इस प्रकार आरोपी को कुल 2 लाख 9 हजार रुपये दिए गए।

 

काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई और न ही रकम लौटाई गई। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने बताया कि यह राशि उन्होंने ब्याज पर कर्ज लेकर जुटाई थी, जिससे अब वे गंभीर आर्थिक संकट में हैं।

 

निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *