*बच्चों की कहासुनी बनी हिंसा की वजह, महिला पर लाठी-डंडों से हमला — चार नामजद पर मुकदमा दर्ज।*

ब्यूरो रिपोर्ट/दिलीप कुमार पाण्डेय/निचलौल 

महराजगंज/ठूठीबारी महराजगंज जनपद के ठूठीबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरौली गांव में एक मामूली बच्चों का विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना में पड़ोसियों द्वारा एक महिला के साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि उस पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़िता अन्नू देवी, जो अपने दो छोटे बच्चों के साथ गांव में रह रही हैं, ने ठूठीबारी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके पति सुरजीत चौरसिया रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। ऐसे में वह घर पर अकेले ही बच्चों की देखभाल करती हैं।

 

घटना 4 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब बच्चों के बीच हुई सामान्य कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के ही मुसई, सोभा, पूनम और नीलू आक्रोशित होकर लाठी-डंडों से लैस होकर अन्नू देवी के घर पहुंच गए।

 

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने घर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सभी ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पीड़िता और उनके बच्चे भय के साए में जीने को मजबूर हैं।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए ठूठीबारी पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है, वहीं पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *