*मौत का चौराहा बनता चिउटहा! रफ्तार और लापरवाही से लगातार हो रहे हादसे।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी सिंदुरिया 

सह संपादक 

सिसवा बाजार, महराजगंज।सिंदुरिया क्षेत्र का चिउटहा चौराहा इन दिनों लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण चर्चा में है। निचलौल-पुरैना रोड और सिंदुरिया-सिसवा मार्ग को जोड़ने वाला यह व्यस्त चौराहा अब धीरे-धीरे “मौत का चौराहा” बनता नजर आ रहा है। आए दिन हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।

 

रफ्तार जब हद से गुजर जाती है,

तो सड़कें भी खामोश होकर लहू की कहानी सुनाती हैं…”

 

बीते कुछ दिनों में ही इस चौराहे पर कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। 11 मार्च की रात दो बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। वहीं 9 मार्च की दोपहर ऑटो और बाइक की टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

इसके बाद 14 मार्च की शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार सड़क किनारे फल की दुकान में जा घुसा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। इसी दिन देर रात तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

 

लगातार हो रहे इन हादसों के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस चौराहे से गुजरना अब जोखिम भरा हो गया है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसों की सबसे बड़ी वजह चौराहे के चारों ओर फैला अतिक्रमण और चारों दिशाओं में स्पीड ब्रेकर का न होना है। हैरानी की बात यह है कि इतना व्यस्त चौराहा होने के बावजूद यहां आज तक स्पीड ब्रेकर नहीं लगाया गया है।

 

किसी की जल्दी, किसी की लापरवाही,

और बीच सड़क पर टूटती ज़िंदगानी…”

 

चौराहे से महज दो किलोमीटर की दूरी पर दो इंटर कॉलेज, पास में एक विद्यालय और एक्सीलेंस लाइब्रेरी भी स्थित है। रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और राहगीर इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से स्पीड ब्रेकर लगाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान प्रेम शंकर ने बताया कि कई बार विभागों को सूचना दी गई, मगर समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है।

 

सबसे चिंताजनक बात यह है कि चौराहे पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे दुर्घटनाओं के समय कोई स्पष्ट फुटेज नहीं मिल पाता।

 

चौकी इंचार्ज चिउटहा सारिका सिंह ने इस संबंध में बताया कि चौराहे पर लगातार हो रहे हादसों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस की ओर से यहां वाहन चालकों को सावधानी बरतने और गति नियंत्रित रखने की लगातार अपील की जा रही है। साथ ही संबंधित विभागों को स्पीड ब्रेकर और अतिक्रमण की समस्या के बारे में अवगत कराया गया है, ताकि जल्द समाधान कराया जा सके।

 

सिसवा बाजार, महराजगंज मुख्यालय, निचलौल और पुरैना को जोड़ने वाले इस अहम चौराहे पर हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय लोग अब प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि इस “मौत के चौराहे” पर लगाम लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *