ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
फरेंदा, 22 मार्च 2026 नवरात्रि के पावन अवसर पर फरेंदा स्थित लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया और स्वयं सफाई कार्य में भाग लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर से गुजर रहे नाले की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी फरेंदा और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए और उसकी पैमाइश कर विधिवत चिन्हांकन कराया जाए, ताकि जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
मंदिर परिसर में फूल-माला और अन्य जैविक अपशिष्ट के निस्तारण के लिए ऑर्गेनिक कम्पोस्टर मशीन स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके माध्यम से तैयार खाद का उपयोग परिसर के सुंदरीकरण और पौधारोपण में किया जाएगा, साथ ही आवश्यकता अनुसार श्रद्धालुओं को भी वितरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 400 दुकानें संचालित हैं, जो स्थानीय लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुकानों को सुव्यवस्थित और सुनियोजित ढंग से व्यवस्थित कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा बनी रहे और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित अतिथि भवन, धर्मशाला और सीढ़ी-पौड़ी सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन किया गया। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे तालाब सुंदरीकरण कार्य का जायजा लेते हुए सुलभ शौचालय निर्माण के भी निर्देश दिए गए।
इससे पूर्व जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने लेहड़ा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, तहसीलदार वशिष्ठ कुमार, थानाध्यक्ष फरेंदा, मेला प्रभारी, पुलिस बल एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।