रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
महाराजगंज/सिसवा बाजार में शिक्षा और प्रेरणा का एक विशेष अवसर विद्यार्थियों को मिलने जा रहा है। शनिवार, 17 जनवरी को आरपीआईसी विद्यालय, सिसवा बाजार के तत्वावधान में प्रसिद्ध शिक्षाविद, पूर्व आईएएस अधिकारी एवं ‘तथास्तु’ शैक्षणिक संस्थान की संस्थापक डॉ. तनु जैन का भव्य शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन आरपीआईसी स्कूल सिसवा बाजार और रोटरी क्लब निचलौल के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. तनु जैन मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगी। अपने सरल और प्रभावशाली मार्गदर्शन के लिए देशभर में पहचान बना चुकी डॉ. तनु जैन के प्रेरक विचार आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक साबित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में दिल्ली में कार्यरत आईएएस अधिकारी एवं प्रख्यात शिक्षाविद वात्सल्य पंडित की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही आरपीआईसी विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएंगी।
यह प्रेरणादायी कार्यक्रम सिसवा बाजार स्थित अवंतिका मैरिज हॉल में शनिवार को अपराह्न 2:30 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षा जगत में उत्साह का माहौल बना हुआ है।