युवाओं को उद्यम से जोड़ना प्राथमिकता, बिना ठोस कारण आवेदन निरस्त नहीं होंगे। सीएम युवा योजना में लापरवाही बर्दास्त नहीं एक सप्ताह अंदर लंबित ऋण निस्तारण के दिए निर्देश।

 

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

 

महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं ओडीओपी योजना की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीएम युवा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने अधिकतम युवाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए आर-सेटी, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में कैंप लगाकर इच्छुक युवाओं के आवेदन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण सुनिश्चित करने को कहा तथा उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि 15 दिन से अधिक लंबित आवेदनों की बैंकवार सूची प्रस्तुत की जाए।

 

डीएम ने बैंक शाखाओं में लंबित प्रकरणों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि स्वरोजगारपरक योजनाओं, विशेषकर सीएम युवा योजना के तहत लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। बिना पुख्ता कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए और निरस्त आवेदनों की सूची कारण सहित उपलब्ध कराई जाए। सभी लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान का लक्ष्य 1700 निर्धारित है। इसके सापेक्ष विभिन्न बैंकों द्वारा 1397 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1321 मामलों में ऋण वितरण हो चुका है। वर्तमान में 687 आवेदन स्वीकृति हेतु तथा 144 आवेदन ऋण वितरण हेतु लंबित हैं।

 

बैठक में रामपुर बल्डीहा और घुघली में निर्माणाधीन कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सीएफसी का कार्य प्रगति पर है और 10 मशीनों का इंस्टॉलेशन किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने सीएफसी परियोजना को जनपद के औद्योगिक विकास के लिए अहम बताते हुए इसे समयबद्ध और सफल बनाने पर जोर दिया।

 

बैठक में उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *