*अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार पर कसेगा शिकंजा, महराजगंज में तहसीलवार गठित हुई विशेष जांच टीमें।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

उप सम्पादक 

 

महराजगंज। जिले में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है, जो पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों और संबंधित प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी कर अनियमितताओं की जांच करेंगी।

 

जारी आदेश के अनुसार, शासनादेश के तहत जनपद में संचालित पेट्रोल-डीजल तथा घरेलू गैस से जुड़े कारोबार में संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए तहसील स्तर पर संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ खाद्य विभाग, बाट-माप विभाग और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से हो सके।

 

प्रत्येक तहसील में गठित टीम की अध्यक्षता संबंधित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) करेंगे, जबकि सदस्य के रूप में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक, बाट-माप विभाग के निरीक्षक तथा तेल कंपनियों के अधिकारी शामिल रहेंगे।

 

प्रशासन की यह टीम पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर स्टॉक, माप-तौल, बिक्री रजिस्टर तथा लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच करेगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध भंडारण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच अभियान के दौरान की गई कार्रवाई और प्रगति की रिपोर्ट प्रतिदिन जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन का कहना है कि अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार और कालाबाजारी पर सख्ती से लगाम लगाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *