रिपोर्ट राजीव त्रिपाठी महराजगंज
महराजगंज जनपद के थाना निचलौल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बाली में पुलिस प्रशासन द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं कानून संबंधी अधिकारों की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीम की ओर से म0उ0नि0 नंदिनी यादव, म0का0 संध्या साहनी, म0का0 रंजू यादव, आशा मंजू देवी (पत्नी बबलू) एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीना देवी (पत्नी दिगंबर प्रसाद) ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को समाज में महिलाओं से जुड़े अपराधों—जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार आदि—से निपटने के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन एवं साइबर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसमें आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090, 102, 181 आदि नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समेत अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
महिलाओं की प्रतिक्रिया (फीडबैक)
सम्मेलन में शामिल महिलाओं ने बताया कि हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी मिलने से अब वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगी। महिलाओं का कहना था कि पहले थाना जाने में झिझक होती थी, लेकिन अब फोन के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिससे पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित सहायता मिल सकेगी।
महिलाओं एवं बालिकाओं ने इस जागरूकता कार्यक्रम को पुलिस की एक सकारात्मक एवं साहस बढ़ाने वाली पहल बताया। उनका मानना है कि ऐसी जागरूकता से समस्याओं की शुरुआत में ही शिकायत दर्ज होगी, जिससे बड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।