बड़ी नहर में मिला युवक का शव, दो दिन से लापता गौतम की पहचान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र स्थित देवरिया शाखा बड़ी नहर के भैंसा पुल के पास सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह राहगीरों ने नहर में शव उतराता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त का प्रयास शुरू किया। पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया था।

 

इसी बीच घुघली थाना क्षेत्र के परसा गिदही निवासी राजकुमार ने भिटौली थाने पहुंचकर मोर्चरी में रखे शव की पहचान अपने बेटे गौतम कुमार के रूप में की। बेटे का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

 

परिजनों के अनुसार गौतम के पैर में दो माह पहले चोट लगी थी और वह घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहा था। बीते 2 फरवरी से वह अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिवार का कहना है कि गौतम को अंतिम बार पड़ोस के गांव के एक मित्र के साथ देखा गया था, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *