रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महाराजगंज नगर क्षेत्र के लोहिया नगर चौपरिया वार्ड में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीनी विवाद में जिला न्यायालय के एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता अमलेश कुमार (पुत्र रजवंत) ने चौपरिया इलाके में एक भूखंड क्रय किया था। जमीन को लेकर पहले से ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था और कब्जे को लेकर तनाव बना हुआ था। इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को न्यायालय से कार्य समाप्त कर घर लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन हमलावरों ने अधिवक्ता अमलेश कुमार पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अधिवक्ता की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना से अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।