ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 26 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति की बैठक डॉ. रतनपाल सिंह के सभापतित्व में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों, कार्मिकों के पदोन्नति, एसीपी, पेंशन भुगतान एवं अन्य देयताओं में हो रहे विलंब की विस्तृत समीक्षा की गई।
समिति ने जनवरी 2022 से दिसंबर 2025 के बीच सेवानिवृत्त हुए कार्मिकों के पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य देयकों के लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025–26 में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया गया।
सभापति ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मृत एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयकों का भुगतान और मृतक आश्रितों की नियुक्ति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान अधिकांश विभागों में लंबित प्रकरण न होने पर संतोष व्यक्त किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शासन स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी गई।
बैठक में कृषि, उद्यान, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित मिलेट्स कार्यक्रम के तहत उत्पादन करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत करने की बात कही गई। वन विभाग को वृक्षारोपण के बाद पौधों के संरक्षण हेतु विशेष उपाय करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व आदि विभागों के मामलों की भी गहन समीक्षा की गई। न्यायालय में विचाराधीन लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
सभापति ने कहा कि शासन की योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करना आवश्यक है। बजट की धनराशि का उपयोग न करना भी अपव्यय के समान है, इसलिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया तथा स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
बैठक में डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, डीसी एनआरएलएम मो. जाकिर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।