*पुरैना चौराहे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग तेज, ग्रामीणों ने उठाई आवाज।*

ब्यूरो रिपोर्ट/अनुभव पटेल/घुघली 

महराजगंज (घुघली):विकास खंड घुघली के पुरैना चौराहे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थापना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और मांग लगातार बढ़ती जा रही है। तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव ने लोगों की परेशानियों को और गंभीर बना दिया है।

 

पुरैना चौराहे की आबादी बीते कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। यहां घुघली थाना स्थित है, साथ ही कई बैंक, स्कूल और डिग्री कॉलेज भी संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा, यहां एक पुरानी और बड़ी बाजार भी लगती है, जिससे यह क्षेत्र व्यापारिक और शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बन चुका है। इसके बावजूद, यहां स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव लोगों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि पुरैना चौराहे से घुघली स्थित अस्पताल की दूरी लगभग 8 किलोमीटर है। खासकर रात के समय साधनों के अभाव में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है।

 

वहीं, घुघली थाना पुरैना चौराहे पर स्थित होने के बावजूद, किसी भी आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए पुलिस को पहले घुघली अस्पताल ले जाना पड़ता है और फिर वहां से महाराजगंज कोर्ट ले जाया जाता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है।

 

इन्हीं समस्याओं को लेकर आज पुरैना चौराहे पर ग्राम प्रधान रवि कुमार पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकत्र होकर शासन-प्रशासन से शीघ्र ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की।

 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *