रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी
संपादक
महराजगंज, 28 सितम्बर 2025, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज मिशन शक्ति 5.0 के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय फरेंदा में छात्राओं और महिलाओं से संवाद किया गया।
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सबसे पहले छात्राओं से बात की। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाली महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आप में से हर छात्रा उस मुकाम को हासिल कर सकती है। जिलाधिकारी ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1930,1098 की जानकारी दी। उपस्थित छात्राओं को महिला सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन की शासन की नीति के विषय में जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन और प्रशासन आपके साथ पूरी ताकत के साथ खड़ा है। आप अपने सपनों को पंख दीजिए, प्रशासन आपको पूरी सहायता करेगा। जिलाधिकारी ने अभ्युदय योजना, सुकन्या योजना, कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसीलिए सरकार द्वारा सेवापर्व, पोषण पखवाड़ा, स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और मिशन शक्ति जैसे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इसी मिशन के तहत जनपद में 30 सितम्बर को सभी पंचायत भवनों, समस्त स्वास्थ्य केंद्रों, सीएचसी और पीएचसी सहित सभी विद्यालयों में एनीमिया मुक्त महराजगंज अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी महिलाओं और छात्राओं से अपील की कि अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र और स्कूल में पहुंचकर एनीमिया की दवा अवश्य लें। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि स्वस्थ नारी से ही सशक्त परिवार का निर्माण हो सकता है। जिलाधिकारी महोदय ने समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश अभियान की चर्चा करते हुए सभी महिलाओं से अपना फीडबैक देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि फीडबैक के माध्यम से आपके सुझाव महिला सशक्तिकरण का वाहक बन सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते ते हुए एडीएम (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार ने भी महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर अपने विचार रखते हुए सभी महिलाओं को महिलापरक योजनाओं और उनके लिए सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर के विषय में अवगत कराया। कहा की किसी भी आपातकालीन स्थिति में महिलाएं इन हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
इससे पूर्व जय माता दी स्वयं सहायता समूह की करोड़मती देवी और स्वास्थ्य सखी मनिता ने सरकारी योजनाओं से जुड़े अपने अनुभवों और उन योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों के विषय में अवगत कराया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यालय की ही छात्रा संजना द्वारा पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन रहा। जिलाधिकारी द्वारा छात्रा को उसके कुशल संचालन के लिए सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, बीडीओ फरेंदा अतुल कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित विद्यालय की वार्डन आदि लोग उपस्थित रहे।