ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज 12 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ग्राम पंचायत भवन बागापार में फार्मर रजिस्ट्री अभियान तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र/आयुष्मान आरोग्य मंदिर “आरोग्य परम धनम” का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान किसानों की कुल संख्या की तुलना में कम पंजीकरण पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंचायत भवन में बैठकर काम नहीं चलेगा। गांवों, टोलों और मजरों में घर-घर जाकर किसानों को जागरूक किया जाए और शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए।
किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री बेहद जरूरी है। इसके बिना किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। पंजीकरण कराने पर ही बीज, उर्वरक, कृषि औषधि एवं अन्य अनुदान उपलब्ध होंगे।
निरीक्षण के दौरान मौके पर 8 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की गई और उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत में कुल 1658 किसान हैं, जिनमें से 447 की रजिस्ट्री अभी लंबित है। इसके अलावा 57 मामलों में नाम मिसमैच, 74 किसानों की मृत्यु के बाद वरासत लंबित, 27 बाहरी निवासी तथा 6 भूमिहीन किसान चिन्हित किए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जहां स्वास्थ्य मेले के दौरान 16 मरीजों का परीक्षण कर दवा वितरित की गई। निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं।
भवन में बिजली व्यवस्था खराब होने से कमरों में अंधेरा पाया गया। आलमारियों का रखरखाव, किचन की सफाई, कमरों में अनुपयोगी सामान, भवन का रंग-रोगन—सभी में लापरवाही सामने आई। अग्निशमन यंत्र गलत स्थान पर मिलने और ऑटो क्लियर मशीन बंद होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
दवाओं की उपलब्धता और एक्सपायरी भी जांची गई। एंटी रैबीज वैक्सीन जनवरी 2027 तक वैध पाई गई। एक अप्रैल 2026 से अब तक 8 प्रसव कराए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान अंकिता देवी ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया, दोनों सुरक्षित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह, अपर तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी, ग्राम पंचायत अधिकारी चन्द्र प्रकाश गुप्ता, लेखपाल सुनील कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर के.पी. सिंह, प्रभारी आश्रय कुमार, नर्स नीलम चौहान, स्टाफ नर्स शीला और आशा कार्यकर्ता मीना सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।