रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने नगर पंचायत चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आगामी खिचड़ी मेला की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास झूला स्थल पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएचसी के पास लगे विद्युत खंभों और तारों को सुरक्षित करने हेतु निर्देशित किया गया। विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत खंभों पर 08 फीट तक इंसुलेशन कराने तथा मेला अवधि में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसी भी संभावित अनहोनी से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने मेला परिसर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में फायर टैंक स्थापित करने के निर्देश जिला अग्निशमन अधिकारी को दिए। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मेला परिसर में तीन शिफ्ट में सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष शौचालयों की व्यवस्था कर नियमित साफ-सफाई कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने पूरे मेला परिसर में पीए सिस्टम लगवाकर आवश्यक सूचनाओं, दिशा-निर्देशों एवं आपातकालीन घोषणाओं के प्रसारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में तहबाजारी एवं झूलों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन को अनिवार्य बताते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोपरि रखने को कहा गया। ठंड को देखते हुए मेला परिसर में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वास्थ्य शिविर, अस्थायी पुलिस चौकी, खोया-पाया केंद्र, जूता घर एवं पेयजल टैंकर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर उप जिलाधिकारी प्रेमशंकर पाण्डेय, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजय यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी, सदर तहसीलदार पंकज कुमार शाही, देशदीपक तिवारी, प्रदुम्न सिंह, विवेक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।