ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 6 मार्च 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को सदर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न पटलों के कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में लंबित पुराने वादों की पत्रावलियों का अवलोकन किया और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न पटलों पर कार्यरत कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावली, सर्विस बुक, जीपीएफ, आरसी वसूली, तहसील दिवस में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर तथा रिकॉर्ड रूम में रखे फसली खसरा सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावली और सर्विस बुक में समय-समय पर मिलने वाले लाभ और संबंधित कार्यवाहियों का समुचित अंकन किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी अथवा अधिकारी की पत्रावली या सर्विस बुक अधूरी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान 10 बड़े बकायेदारों की सूची और आरसी वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की तथा आरसी के सापेक्ष प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम वसूली की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और प्रत्येक माह के अंत में इसकी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण में उन्होंने फसली खसरा और बंदोबस्त अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। वहीं तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर की जांच के दौरान सुरहुरवा निवासी पवन गुप्ता और धनेवा धनेई निवासी रामदुलारे की खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत के संबंध में जिलाधिकारी ने दूरभाष पर जानकारी ली। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनका नाम खतौनी में सही कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार पंकज शाही, अपर तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव तथा प्रद्युम्न सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।