*पुरन्दरपुर थाने में डीएम–एसपी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

 

महराजगंज, 21 फरवरी 2026। जिले में कानून-व्यवस्था और थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने थाना पुरन्दरपुर का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों की अचानक मौजूदगी से थाना परिसर में हलचल तेज हो गई।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर के हर महत्वपूर्ण हिस्से का बारीकी से जायजा लिया। शस्त्रागार में हथियारों की साफ-सफाई, रखरखाव और रजिस्टरों की स्थिति की जांच की गई। इसके अलावा थाना कार्यालय, अभिलेखों का संधारण, मालखाना में जब्त सामान की सुरक्षा व्यवस्था, हवालात की स्वच्छता व सुरक्षा, पुलिसकर्मियों की मेस और बैरक की स्थिति का भी गहन निरीक्षण किया गया।

 

महिला सुरक्षा को लेकर संचालित महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता प्रियंका पत्नी राकेश चौरसिया से फोन पर सीधा संवाद कर कार्रवाई की जानकारी ली। महिला ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर सुलह करा दी है और वह कार्रवाई से संतुष्ट है।

 

निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस (CCTNS) सिस्टम की कार्यप्रणाली, आवश्यक रजिस्टरों एवं फाइलों की अद्यतन स्थिति भी परखी गई। जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी को जनसुनवाई से जुड़े प्रार्थना पत्रों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भ्रमण कर जनता की समस्याएं सुनने और तत्काल विधिक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। रजिस्टर संख्या 04 और 08 समेत अन्य अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक ने हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

अधिकारियों ने थाना स्टाफ को अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की नसीहत दी। निरीक्षण के दौरान थाना के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *