रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
सीमा पर सतर्कता की जीत, नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार
महराजगंज। घने कोहरे का फायदा उठाकर पगडंडी मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे तीन तस्करों को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर तस्करों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 25 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई।
अधिकारियों के अनुसार, तस्कर सीमावर्ती इलाके की पगडंडियों का इस्तेमाल कर नशीले पदार्थों की खेप आगे पहुंचाने की फिराक में थे। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के बावजूद संयुक्त टीम की मुस्तैदी से तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ को सीज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश के लिए पूछताछ जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त और खुफिया निगरानी को और सख्त किया जाएगा ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।