ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/सिंदुरिया महराजगंज
प्रधान सम्पादक
सिंदुरिया। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच सिंदुरिया थाने की सक्रियता ने एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए युवक के खाते से निकाली गई पूरी धनराशि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर वापस करवा दी।
जानकारी के अनुसार, पकडियार बुजुर्ग निवासी धीरज पाण्डेय को फ्लिपकार्ट शॉपिंग ऐप के माध्यम से रिफंड दिलाने का झांसा दिया गया। ठगों ने चालाकी से उनके खाते से 4,652 रुपये निकाल लिए। खुद के साथ हुई ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में सिंदुरिया थाने की साइबर सेल टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित तकनीकी कार्रवाई की। समय रहते बैंकिंग चैनल के माध्यम से आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस की इस तत्परता से जहां पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली, वहीं क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, फर्जी कॉल, लिंक या रिफंड के नाम पर मांगी गई गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो तत्काल आपातकालीन सेवा 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।