ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज। पुलिस उप-महानिरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार में जनपद स्तरीय अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की प्रगति तथा आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर गहन समीक्षा की गई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस उप-महानिरीक्षक ने जनपद में घटित विभिन्न आपराधिक घटनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विवेचना में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के समुचित उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस उप-महानिरीक्षक ने समस्त हितधारकों—धार्मिक प्रतिनिधियों, व्यापारी संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों—से संवाद स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त, पेट्रोलिंग तथा खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर दिया। सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस उप-महानिरीक्षक ने कहा कि नई कानूनी व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्यवाही करते हुए पारदर्शिता एवं विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन किया जाए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया सुदृढ़ हो और अपराधियों को दंडित कराने में सफलता मिले।
उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि लंबित प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण, महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता, फरार व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट की प्रभावी कार्यवाही प्राथमिकता पर की जाए।
अंत में पुलिस उप-महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।