रफ्तार की चूक ने छीनी एक ज़िंदगी एनएच-730 पर भीषण हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

 

रफ्तार की चूक ने छीनी एक ज़िंदगी, हाईवे बना मौत का रास्ता!

 

 

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गोरखपुर–महराजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-730) पर परतावल चौराहे के पास हीरो एजेंसी के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग की पहचान नगर पंचायत परतावल के छातिराम दक्षिण टोला निवासी 60 वर्षीय विजय प्रताप सिंह पुत्र ठगई सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय प्रताप सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

 

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान अमवा ग्राम सभा निवासी 30 वर्षीय सुहेल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-730 पर यातायात भी बाधित रहा।

 

विजय प्रताप सिंह की असामयिक मौत से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि उनके दोनों पुत्र रोज़गार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे परतावल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *