*बस्ती में महिला कॉन्स्टेबल का फूटा गुस्सा: एसओ पर अभद्रता, अशोभनीय टिप्पणी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ धीरज प्रजापति मंडल प्रभारी 

बस्ती। सदर कोतवाली में तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल ने अपने ही थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाकर पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। 2019 बैच की कॉन्स्टेबल मेनका चौहान ने आरोप लगाया है कि इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र चौधरी ने उनके साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि अशोभनीय टिप्पणियां भी कीं।

 

कॉन्स्टेबल के अनुसार, वह अपनी बीमार मां को दिखाने के लिए एक दिन की छुट्टी मांगने गई थीं, लेकिन उन्हें छुट्टी देने से इनकार कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान उनसे “जीजा” कहकर संबोधित करने का दबाव बनाया गया और निजी मोबाइल नंबर पर बात करने के लिए कहा गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो संबंधित अधिकारी नाराज़ हो गए।

 

मेनका का कहना है कि छुट्टी न मिलने के बावजूद वह ड्यूटी पर पहुंचीं, फिर भी उनकी अनुपस्थिति दर्ज कर दी गई। इतना ही नहीं, दोबारा छुट्टी मांगने पर गालियां देने और मारने के लिए दौड़ाने का भी आरोप लगाया गया है।

 

घटना से आहत कॉन्स्टेबल अपनी पांच वर्षीय बेटी को साथ लेकर बस्ती रेंज के डीआईजी संजय त्यागी के कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। डीआईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

मेनका चौहान मूल रूप से गोरखपुर जिले के बड़हलगंज की निवासी हैं और उनके पति भी पुलिस विभाग में तैनात बताए जा रहे हैं। प्रकरण सामने आने के बाद विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

 

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग के अंदर महिला कर्मियों की कार्यस्थल सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *