रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
सूत्र प्रतापगढ़।
बनारस से देहरादून जा रही बनारस–देहरादून एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15119) पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गई पत्थरबाजी की घटना में एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रविवार की सुबह लगभग 10:50 बजे के आसपास उस समय हुई, जब ट्रेन गौरा रेलवे स्टेशन से रवाना होकर कुछ ही दूरी आगे बढ़ी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन के चलने के कुछ देर बाद ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे कोच की खिड़की से टकराया, जिससे अंदर बैठी महिला यात्री सुमन घायल हो गई। महिला बनारस की निवासी बताई जा रही है। पत्थर लगने से महिला की आंख में गंभीर चोट आई, जिससे कोच में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही महिला द्वारा जीआरपी पुलिस प्रतापगढ़, आरपीएफ तथा रेलवे प्रशासन को जानकारी दी गई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस और फतनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और गौरा रेलवे स्टेशन समेत आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की आंख में गंभीर चोट आई है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला द्वारा आरपीएफ को लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पत्थरबाजी करने वाले अज्ञात आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या रेलवे अधिकारियों को दें।