ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी /निचलौल महराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज/निचलौल आगामी नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निचलौल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को “मिशन सुरक्षा” के तहत थाना निचलौल क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने कस्बे के मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, मंदिरों तथा संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने आम जनमानस से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और स्पष्ट संदेश दिया कि नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। वहीं लोगों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने जगह-जगह रुककर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह का वर्जन:
उन्होंने कहा कि “पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। नवरात्रि आस्था का पर्व है, इसे शांति और सौहार्द के साथ मनाना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा का वर्जन:
उन्होंने कहा कि “थाना निचलौल पुलिस पूरी तरह सतर्क है और लगातार गश्त की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में नवरात्रि को लेकर सुरक्षा का माहौल और अधिक सुदृढ़ होता नजर आ रहा है।