ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज जनपद में होली के पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। सोमवार देर शाम से लेकर रात तक जिले के कुल 1910 स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और आस्था की अग्नि में बुराइयों के प्रतीक ‘सम्मत’ का दहन किया गया।
नगर क्षेत्र के गांधी नगर, टेढ़वा कुटी, शिवनगर, सुभाष नगर और अमरुतिया समेत विभिन्न वार्डों में आकर्षक सजावट के बीच होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित हुए। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं युवाओं और बच्चों में उत्साह चरम पर रहा। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक होली गीतों के बीच वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो उठा।
ग्रामीण इलाकों में भी गांव-गांव सामूहिक रूप से होलिका दहन किया गया। लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए एकत्र हुए और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को अग्रिम होली की शुभकामनाएं दीं।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध, हर गतिविधि पर नजर
होलिका दहन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी 1910 स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स लगाई गई तथा लगातार मॉनिटरिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि प्रत्येक आयोजन स्थल से कंट्रोल रूम को पल-पल की जानकारी दी जाती रही। अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन की सक्रियता और जनता के सहयोग से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रहा। कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
अब जिले में रंगों के त्योहार को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मनाई जाने वाली होली के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है, ताकि उल्लास और सौहार्द का यह पर्व सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।