न्यूज रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित होने के उपरांत केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का मंगलवार 6 जनवरी को महाराजगंज में पहला आगमन ऐतिहासिक बन गया। उनके स्वागत में महाराजगंज–पनियरा विधानसभा की सीमा कतरारी चौराहा भव्य रूप से सजाई गई, जहां अयोध्या के श्रीराम मंदिर की झलक लिए विशाल स्वागत द्वार आकर्षण का केंद्र रहा। पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नजर आया और उत्साह का माहौल देखते ही बन रहा था।
कतरारी चौराहा पर विधायक ज्ञानेंद्र सिंह एवं युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह के नेतृत्व में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ाके की ठंड को मात देते हुए जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और बुलडोजर से फूलों की बारिश ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। जगह-जगह भाजपा के झंडे, बैनर और होर्डिंग संगठन की ताकत का प्रदर्शन कर रहे थे।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी समय में नहीं, बल्कि पूरे वर्ष संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं को गर्व है और यही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है, जहां समर्पण और मेहनत के बल पर एक सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष दायित्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने इस भव्य आयोजन को कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठनात्मक अनुशासन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह स्वागत कार्यक्रम बताता है कि भाजपा जमीनी स्तर पर कितनी सशक्त है।
सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कतरारी चौराहा पहुंचने लगे थे। कतरारी से श्यामदेउरवा, बसहिया, अमवा, परतावल चौराहा, छपिया और धरमपुर तक पनियरा विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा मार्ग उत्सव पथ में तब्दील हो गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजय पाण्डेय, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पनियरा वेद प्रकाश शुक्ला, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, पनियरा चेयरमैन उमेश जायसवाल सहित विवेक पटेल, जनार्दन सिंह, हरीकेश सिंह, विभूति सिंह, उमेश प्रजापति, रामाज्ञा निषाद, अंगद गुप्ता, अरुण शुक्ला, मनोहर, हिमांशु, रूपेश शर्मा, गजेंद्र सिंह, नंदू दुबे, सलाउद्दीन खान, उमर आलम, कौशल श्रीवास्तव, अभिषेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।