फर्जीवाड़े का खुलासा: कागजों में विकास, जमीन पर सन्नाटा—ग्राम सभा में करोड़ों के घोटाले का आरोप!

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी निचलौल 

सह संपादक 

महराजगंज, 23 मार्च 2026 जनपद महराजगंज के निचलौल तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा ओबरी में विकास कार्यों को लेकर बड़ा घोटाला सामने आने का आरोप लगा है। गांव के निवासी संतोष कुमार चौधरी द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि ग्राम सभा में बिना कार्य कराए ही कागजों में फर्जी तरीके से विकास कार्य दर्शाकर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है।

 

शिकायतकर्ता के अनुसार, ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से सड़क, नाली, शौचालय, स्वच्छता संबंधी कार्यों और इंटरलॉकिंग जैसे कई विकास कार्यों को कागजों में पूरा दिखा दिया गया, जबकि हकीकत में इन कार्यों का कोई अस्तित्व ही नहीं है। आरोप है कि फर्जी फोटो जियोटैगिंग के माध्यम से सरकारी रिकॉर्ड में कार्य पूर्ण दिखाकर सरकारी धन का गबन किया गया है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है, जबकि कागजों में सब कुछ पूर्ण दर्शाया जा रहा है। इससे न केवल सरकारी योजनाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि शासन की छवि भी धूमिल हो रही है।

 

शिकायतकर्ता संतोष कुमार चौधरी ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, जो भी सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है, उसकी वसूली सुनिश्चित की जाए।

 

इस मामले में अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *