ब्यूरो रिपोर्ट /दिलीप कुमार पाण्डेय सिसवा कोठीभार
महराजगंज जनपद में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसे नौकरी का झांसा देकर 6 लाख रुपये ऐंठ लिए गए और अब पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित राकेश त्रिपाठी, निवासी ग्राम राजापुर, पोस्ट लोहरा, थाना कोठीभार, ने बताया कि गोरखपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी विशाल शर्मा नामक युवक ने रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। भरोसे में आकर पीड़ित ने चरणबद्ध तरीके से करीब 6 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि आरोपी ने पहले 5 लाख रुपये और बाद में शेष रकम भी ले ली, लेकिन नौकरी का कोई अता-पता नहीं चला।
जब पीड़ित ने अपनी मेहनत की कमाई वापस मांगी तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया और उल्टा दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी पिछले कई वर्षों से विदेश में रह रहा है और वहीं से अपने परिजनों के खातों में पैसा ट्रांसफर करता है। इसके बावजूद पुलिस अब तक उसे पकड़ने में नाकाम रही है।
पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले को संज्ञान में लेकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी रकम वापस दिलाई जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक नौकरी के नाम पर युवाओं को ठगा जाता रहेगा और पुलिस मूकदर्शक बनी रहेगी?