न्यूज रिपोर्ट/खलील अहमद
सिसवा कोठीभार
सिसवा (महराजगंज) थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 19 जनवरी 2026 को मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा सीटी पब्लिक स्कूल, सिसवा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप निरीक्षक योगेन्द्र तिवारी, महिला उप निरीक्षक लकी पटेल एवं महिला उप निरीक्षक नेहा कुमारी की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पुलिस टीम द्वारा महिला हेल्पलाइन नंबर 181, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट एवं मिशन शक्ति से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को पंपलेट वितरित किए गए और 1090, 1076, 181, 112, 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रशासन एवं छात्राओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।