ब्यूरो रिपोर्ट/संतोष कुमार कटहरी बाजार सिसवा
सिसवा बाजार/महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत कटहरी बाजार में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि बिना चिकित्सकीय योग्यता के जांच और इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की हालत बिगड़ी, जिसके चलते उसकी जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार शीतलापुर निवासी सुभावती देवी पत्नी छोटेलाल इन दिनों अपने मायके कटहरी बाजार आई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें बुखार व अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने लगीं। परिजन उन्हें मेन रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद व्यक्ति ने महिला की जांच करने की बात कही और कुछ समय बाद रिपोर्ट बताकर उन्हें इंजेक्शन लगाया।
बताया जा रहा है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर देख परिजनों को सिसवा ले जाने की सलाह दी गई। परिजन तत्काल उन्हें सिसवा स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव को लेकर दोबारा मेडिकल स्टोर पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से हालात काबू में आ गए।
सूचना पर पहुंची कोठीभार थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संबंधित विभाग की मौजूदगी में मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त प्रतिष्ठान पर लंबे समय से कथित रूप से चिकित्सकीय कार्य किए जा रहे थे, जिसकी शिकायतें भी की गई थीं। घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है।