ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी सिसवा महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
कानून-व्यवस्था पर सवाल, बाजार में दहशत — पुलिस जांच में जुटी।
महाराजगंज जनपद के सिसवा बाजार में बुधवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे बाजार और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार नगर के सब्जी मंडी रोड, वार्ड नंबर-25, मीराभा निवासी लगभग 40 वर्षीय सर्राफा व्यवसायी गोविंद सोनी पुत्र गोपाल सोनी बुधवार रात करीब आठ बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बाईपास रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात युवक आए और उन पर फायर झोंक दिया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही गोविंद सोनी घबरा गए और सड़क किनारे बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए रेस्टोरेंट की ओर भागे, जिससे उनकी जान बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर निचलौल की दिशा में फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फायरिंग की खबर पूरे नगर में आग की तरह फैल गई। सूचना पर सिसवा पुलिस चौकी और कोठीभार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
घायल गोविंद सोनी को उपचार के लिए सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े बाजार क्षेत्र में हुई इस फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और व्यापारियों में डर का माहौल व्याप्त है।