ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी निचलौल महराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज/निचलौल। राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई, सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय टिकुलहिया निचलौल द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर का पंचम दिवस ग्राम बैदौली स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में उत्साह और जागरूकता के माहौल के बीच संपन्न हुआ।
प्रातःकालीन सत्र में स्वयंसेविकाओं ने “स्वास्थ्य सुरक्षा” विषय पर जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत किया। रैली के दौरान वातावरण नारों से गूंज उठा—
“स्वास्थ्य ही धन है, जीवन का सच्चा गहना।”
“स्वस्थ रहेगा तन, तो मस्त रहेगा मन।”
“अच्छा खाओ, अच्छा जियो, स्वस्थ जीवन जियो।”
“पानी पियो, स्वास्थ्य पर करो विचार, नहीं तो पछताओगे जीवन भर बार-बार।”
इन प्रेरक नारों के माध्यम से स्वयंसेविकाओं ने संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित दिनचर्या के महत्व पर जोर दिया। ग्रामीणों ने भी रैली का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य संबंधी सुझावों को गंभीरता से सुना।
द्वितीय सत्र में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल की चिकित्साधिकारी डॉ. अंजली सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं में बढ़ती समस्या पीसीओडी/पीसीओएस पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि “बीमारी की सही जानकारी ही उसका सबसे बड़ा बचाव है।” उन्होंने बताया कि अनियमित दिनचर्या, तनाव और जंक फूड का अधिक सेवन इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। इससे बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मैदे से बनी वस्तुओं से परहेज और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अमेरिका यादव, डिंपल पटेल, महाविद्यालय के अनुचर ज्वाला प्रसाद सहित सभी स्वयंसेविकाओं की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही।
शिविर के पंचम दिवस ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक संदेश दिया।