*नौतनवा में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद भी लगाई फांसी, इलाके में मचा हड़कंप।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी नौतनवां 

सह संपादक 

नौतनवा (महराजगंज)भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा कस्बे के गांधीनगर वार्ड में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। यहां किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

 

जानकारी के मुताबिक, नौतनवा के दो मुहान घाट स्थित एसएसबी हेडक्वार्टर में तैनात एक महिला जवान का परिवार गांधीनगर वार्ड में किराए के मकान में रहता था। रविवार को किसी समय महिला जवान के पति अमरेश कुमार ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही दो मासूम बच्चों की जान ले ली। इसके बाद उसने कमरे में ही पंखे से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली।

 

घटना की जानकारी तब हुई जब आसपास के लोगों को घर के अंदर से कोई हलचल नहीं दिखी और शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर का दृश्य देखा तो हर कोई सन्न रह गया। कमरे में तीनों के शव पड़े मिले।

 

इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल बन गया। वहीं पुलिस के साथ-साथ एसएसबी विभाग में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएसबी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

 

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह या मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस दर्दनाक घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर गहरा शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *