*नेपाल चुनाव को लेकर सीमा पर हाई अलर्ट, एडीजी ने ठूठीबारी में किया सुरक्षा निरीक्षण।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी 

 

महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया। मुथा अशोक जैन, अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन ने ठूठीबारी कोतवाली पहुंचकर भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सोमेंद्र मीना, पुलिस अधीक्षक महराजगंज भी उनके साथ मौजूद रहे।

 

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने विशेष रूप से नेपाल में 5 मार्च से होने वाले चुनाव को देखते हुए सीमा पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय रखा जाए।

 

एडीजी ने कोतवाली परिसर का निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सीमा चौकियों पर तैनात पुलिस व एसएसबी जवानों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

इस अवसर पर एसपी सोमेंद्र मीना ने एडीजी को सीमा क्षेत्र में चल रही सुरक्षा व्यवस्थाओं, नियमित गश्त, बैरियर चेकिंग और संवेदनशील स्थानों की निगरानी संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर लगातार सतर्क निगरानी रखी जा रही है।

 

एडीजी मुथा अशोक जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमा पार से होने वाली तस्करी, अवैध आवागमन एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही चुनाव अवधि के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *