ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी/ठूठीबारी महाराजगंज
सह संपादक
ठूठीबारी (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा से सटे इटहिया स्थित मिनी बाबा धाम के नाम से विख्यात पंचमुखी शिव मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी, रंग-रोगन और भव्य सजावट से सुसज्जित किया गया है। एक दिवसीय मेले और जलाभिषेक कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार तड़के सूर्योदय से पूर्व मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जलाभिषेक और दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगने की संभावना है। हर वर्ष की तरह इस बार भी सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल और बिहार से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंदिर परिसर और मेले के आसपास व्यापक बैरिकेडिंग की गई है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से मेले की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
प्रभारी कोतवाल नवनीत नागर के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में पांच थानों की पुलिस, 25 उपनिरीक्षक, करीब 150 कांस्टेबल, महिला आरक्षी, यातायात पुलिस, फायर ब्रिगेड और पीएसी बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
मंदिर प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। पूजन सामग्री की दुकानों पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग बनाए गए हैं।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पंचमुखी शिव मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जहां “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठेगा।