ब्यूरो रिपोर्ट/ संतोष कुमार सिसवा
कोठीभार महराजगंज
महराजगंज। जिले के सिसवा क्षेत्र के कोठीभार थाना क्षेत्र स्थित जहदा गांव में एक होमगार्ड की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि पुरानी जमीन रंजिश को लेकर होमगार्ड पर उसके ही पट्टीदारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक जहदा गांव निवासी राकेश चौधरी, जो कोठीभार थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं, का अपने पट्टीदारों से कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद ने शुक्रवार की रात अचानक हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि राकेश चौधरी ड्यूटी के दौरान किसी काम से गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे पट्टीदार पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बीच सड़क पर ही होमगार्ड की जमकर पिटाई की। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस की कार्रवाई पर भी चर्चा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं, लेकिन पुलिस स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। इसी लापरवाही के कारण विवाद बार-बार हिंसक रूप ले रहा है।
थाना प्रभारी का सख्त बयान
कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामला होमगार्ड और उसके पट्टीदारों के बीच पुरानी जमीनी रंजिश से जुड़ा है। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि “जो भी व्यक्ति मारपीट में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।”
पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। वहीं वायरल वीडियो के सामने आने के बाद घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।