ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज जनपद में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सामाजिक प्रतिष्ठा और लोकलाज के भय ने एक युवक की जान ले ली। थाना फरेंदा क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग अपचारी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस की मदद से इस जघन्य अपराध की गुत्थी सुलझाई। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के उजागर होने से सामाजिक बदनामी की आशंका में आरोपियों ने सुनियोजित ढंग से युवक की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया तिलक-एनिवर्सरी देखने के बहाने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। चार दिन बाद, 06 फरवरी को फरेंदा थाना क्षेत्र के लेजार महदेवा गांव स्थित दुबौलिया पोखरा के पास एक गेहूं के खेत से आदित्य का शव बरामद हुआ।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक का प्रेम संबंध मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से था। इस रिश्ते के उजागर होने पर सामाजिक बदनामी के डर से आरोपियों ने आदित्य को बुलाया और उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को प्रेमिका के घर से करीब 700 मीटर दूर खेत में फेंक दिया गया, ताकि मामला गुमशुदगी या दुर्घटना प्रतीत हो।
पुलिस ने ठोस साक्ष्यों और आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त कुरीतियों और तथाकथित प्रतिष्ठा के नाम पर होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।