*महाराजगंज में भीषण सड़क हादसा: बाइक में लगी आग, 2 की दर्दनाक मौत, महिला गंभीर।*

ब्यूरो रिपोर्ट/अनुभव पटेल महराजगंज 

भिटौली क्षेत्र में खौफनाक टक्कर—बचाने के प्रयास में हुई त्रासदी,

महराजगंज जनपद के थाना भिटौली क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। तरकुलवा मजार के सामने धर्मपुर निवासी भोला पुत्र रामवेलास अपनी पत्नी सुमन के साथ टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल से जा रहे थे।

 

इसी दौरान अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और साइकिल व गोरखपुर की ओर से आ रहे वाहन (UP 53 DZ 9708) से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल में तुरंत आग लग गई और वह जलकर राख हो गई।

 

इस दर्दनाक हादसे में बाइक चालक भोला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुमन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल महाराजगंज और फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

 

वहीं साइकिल सवार सुदर्शन पुत्र अयोध्या निवासी ग्राम छातीराम को भी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है, जहां एक छोटी सी चूक ने दो परिवारों को उजाड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *