*चिउटहां चौराहे पर देर रात भीषण सड़क हादसा: बारात से लौट रही दो बोलेरो की टक्कर, 10 वर्षीय मासूम की मौत, दो गंभीर।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी सिंदुरिया महराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज/सिन्दुरिया :सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के चिउटहां मुख्य चौराहे पर मंगलवार की देर रात करीब एक बजे बारात से लौट रही दो बोलेरो गाड़ियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बोलेरो अनियंत्रित होकर दो-तीन पलटी खाते हुए सड़क किनारे रखे ईंटों के चट्टे से टकराकर सीधी जा गिरी। दुर्घटना में 10 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज भरपटिया गांव से एक बारात महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के जयश्री गांव आई थी। वहीं महराजगंज जिले के चौक क्षेत्र से भी एक बारात सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के करमही गांव पहुंची थी। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बारातों के लोग अलग-अलग बोलेरो गाड़ियों में सवार होकर अपने घरों की ओर लौट रहे थे।

 

बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों गाड़ियां चिउटहां मुख्य चौराहे के पास पहुंचीं, तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते उनमें आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

 

हादसे में बोलेरो सवार आयुष राय (10 वर्ष), लक्ष्मीना (20 वर्ष) और आराध्या (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बोलेरो में बैठे लोगों को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही चिउटहां चौकी इंचार्ज सारिका सिंह और सिन्दुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने आयुष राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है।

 

चौकी इंचार्ज सारिका सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा यातायात व्यवस्था को भी सामान्य कराया गया।

 

वहीं थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और आमने-सामने टक्कर के कारण प्रतीत हो रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

इस दर्दनाक हादसे से दोनों बारातों में खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *