ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी सिंदुरिया महराजगंज
प्रधान सम्पादक
कानून का अभियान, जिम्मेदारी की परीक्षा!
महाराजगंज (सिंदुरिया) पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देशन में चल रहे मिशन ‘कारोबार’ के तहत जन-जागरूकता एवं सूचना साझा करने के उद्देश्य से सिंदुरिया थाना प्रभारी राजकुमार सिंह से संपर्क की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि लगभग तीन से चार बार फोन कॉल किए जाने के बावजूद थानाध्यक्ष ने कॉल रिसीव नहीं किया। सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराबखोरी जैसी गतिविधियों की जानकारी देने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल न उठाए जाने से संवाद स्थापित नहीं हो सका।
इस घटनाक्रम के बाद यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या मिशन ‘कारोबार’ के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर गंभीरता से लिया जा रहा है? पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा अपने सख्त प्रशासनिक रुख और त्वरित कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में थाना स्तर पर संवाद से दूरी चिंताजनक मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियान की सफलता के लिए थानाध्यक्ष की सक्रियता और तत्परता आवश्यक है। कॉल न उठाए जाने की स्थिति ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा क्या कदम उठाते हैं और मिशन ‘कारोबार’ को प्रभावी बनाने के लिए क्या दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।